मैनपुरी। परिवहन निगम के बेवर डिपो की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न मार्गों पर बस सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में बेवर से कानपुर के लिए बस संचालन शुरू करने की योजना बनाई गई है। रक्षाबंधन से पहले बेवर से आगरा और आगरा से बेवर होते हुए कानपुर तक बस सेवा शुरू किए जाने की तैयारी है।
डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक शिवपूजन सिंह ने बताया कि वर्तमान में बेवर डिपो के बेड़े में 54 बसें हैं, जिनका संचालन अलग-अलग मार्गों पर किया जा रहा है। यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इस महीने के अंत तक डिपो को छह और बसें मिलने की उम्मीद है। नई बसें मिलने के बाद यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही नए मार्गों पर संचालन बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बेवर-मैनपुरी-फर्रुखाबाद-आगरा और आगरा-फिरोजाबाद-मैनपुरी से बेवर होते हुए कानपुर मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।