करहल। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर महाराजगंज से सवारियां लेकर जा रही रोडवेज बस ओवरटेक करने के दौरान बुधवार सुबह आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, वहीं 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को पीजीआई सैफई में भर्ती कराया, एसपी ग्रामीण ने घायलों का हाल जाना।सोनाली डिपो की रोडवेज बस मंगलवार रात को महाराजगंज से करीब 38 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए निकली थी। बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे बस जब थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 86.700 किमी पर पहुंची, तभी चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, इस दौरान पहिये में किसी कमी के चलते बस अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। टक्कर लगने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
बस से यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को एंबुलेंस से पीजीआई सैफई भिजवाया। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पीजीआई पहुंच कर घायलों का हाल जाना। बताया कि हादसे में 45 वर्षीय सुनील शर्मा निवासी गांव झकही, थाना मोलनापुर सनीचर, संतकबीर नगर की मृत्यु हो गई है। बताया कि करीब 20 यात्रियों को चोटें लगी हैं। जिनका उपचार चल रहा है।
-
नींद में थे सभी यात्री
हादसा जिस समय हुआ उस समय सभी यात्री गहरी नींद में थे। चालक बस चला रहा था और सिर्फ परिचालक और एक दो यात्री जाग रहे थे, अचानक से तेज आवाज आई और बस में सभी यात्री चिल्लाने लगे। किसी को कुछ भी समझ में नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। काफी देर तक चीख-पुकार के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
-