मैनपुरी। विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी और भोगांव क्षेत्र में सात नए मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 5़ 19 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है।
क्षेत्रीय विधायकों के प्रस्ताव पर उप निदेशक निर्माण मंडी परिषद आगरा ने मुख्य अभियंता राज्य कृषि उत्पादन मंडी समिति लखनऊ को पत्र भेजा है। क्षेत्रीय विधायकों के प्रस्ताव पर इन सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई है।
मैनपुरी सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की पहल पर मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र में पांच नए मार्ग बनाए जाएंगे। प्राथमिक विद्यालय जुन्हैसा से सहुरिया के लिए 47.50 लाख रुपये, औडेंन्य मंडल से नगला तारा के लिए 67.50 लाख रुपये, पाराहार से घाटमपुर के लिए 98.50 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। नगला जुला से तिमनपुर के लिए 98.50 लाख रुपये, नौरंगपुर से फिरोजपुर के लिए 42 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। भोगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामनरेश अग्निहोत्री पूर्व मंत्री की पहल पर भोगांव विधानसभा क्षेत्र में दो नए मार्ग बनाए जाएंगे। इनके लिए भी बजट तय किया गया है। बरा सूरजपुर से जोगपुर मार्ग के लिए 96.96 लाख रुपये तथा जलालपुर से बागपुर मार्ग के लिए 68.88 लाख रुपये बजट तय किया गया है।