मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव कछपुरा में शनिवार शाम बाजार गई महिला सड़क पार करने के दौरान किसी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।एलाऊ क्षेत्र के गांव ककरेट निवासी भूपेंद्र राजपूत शनिवार शाम को 25 वर्षीय पत्नी अंजली के साथ कछपुरा बाजार गए थे। दंपती बाजार में खरीदारी कर रहे थे, तभी महिला कोई सामान लेने के लिए सड़क पार करने लगी। तभी मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन ने अंजली को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इस बीच टक्कर मारने वाला चालक मौके से गाड़ी लेकर भाग चुका था। हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे परिजन व पुलिस महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव मोर्चरी में रखवाया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।