फोटो 4 अरुण कुमार का फाइल फोटो
- फोटो : Self
करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह बस का इंतजार कर रहे सचिवालय के कर्मी को कार ने टक्कर मार दी। इससे हादसे में उसकी मौत हो गई। वहीं, टक्कर मारने वाली कार के चालक सहित दो लोग घायल हो गए। उनका उपचार पीजीआई सैफई में चल रहा है।
जनपद इटावा के थाना सैफई क्षेत्र के गांव बघुइया निवासी 45 वर्षीय अरुण कुमार लखनऊ सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मी के पद पर कार्यरत थे।
शनिवार को वह गांव बघुइया आए थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे वह सचिवालय जाने के लिए कुर्रा क्षेत्र में एक्सप्रेसवे माइल स्टोन 100 किमी के पास खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे।
चचेरा भाई नवल किशोर उन्हें छोड़ने के लिए आया था। दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी आगरा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने अरुण कुमार और नवल किशोर को चपेट में ले लिया। हादसे में कार चालक प्रांजल सिंह निवासी गांव कुर्री थाना सिंधौली रायबरेली घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी ने सभी को एंबुलेंस से पीजीआई सैफई भेजा। वहां जांच के बाद चिकित्सक ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पुलिस ने मृतक के परिजन को दी।