मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में रविवार सुबह थाने के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया, हादसे में घायल हुए युवक ने पीजीआई ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके से कार को कब्जे में लिया है, चालक की तलाश शुरू कर दी है।
एलाऊ क्षेत्र के गांव गदाईपुर निवासी 38 वर्षीय पंकज कुमार रविवार सुबह बाइक से थाने की तरफ जा रहा था, थाने के पास कुसमरा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इस बीच मौका पाकर चालक कार छोड़ कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया, जिला अस्पताल से पंकज को पीजीआई सैफई रेफर किया गया, मगर घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पीजीआई पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन रोने बिलखने लगे। परिजन ने बताया कि पंकज विवाहित था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। पुलिस भागे हुए कार चालक की तलाश कर रही है।