मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र में अनाज मंडी के पास रविवार शाम बाजार से वापस लौट रहे बाइक सवार युवक को ट्रक ने चपेट में ले लिया, हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर आई पुलिस ने शव मोर्चरी भेजा, ट्रक कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है। औंछा क्षेत्र के गांव नगला मिंते निवासी 22 वर्षीय सरोज कुमार रविवार शाम को बाइक से कस्बा बाजार गया था, करीब पांच बजे वह घर वापस लौट रहा था, बाइक जब मैनपुरी रोड पर अनाज मंडी के सामने पहुंची, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया, युवक बाइक से नीचे गिर गया और ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। जिस वजह से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को मोर्चरी भेजा गया, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है, वहीं चालक की तलाश कर रही है।