करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र में सोमवार रात तखरऊ नहर पुल के पास हुए सड़क हादसे में एक हलवाई की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। मंगलवार को हलवाई के शव थाना सैफई पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, परिजन ने बताया कि दो माह पहले ही शादी हुई थी।थाना करहल क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर नगरिया निवासी 23 वर्षीय आदेश शर्मा सोमवार को गांव टिकरई में हलवाई का काम करने गए थे। देर रात को वह दो साथियों के साथ ऑटो में बैठ कर गांव वापस लौट थे। कुर्रा क्षेत्र में तखरऊ नहर पुल के पास ऑटो ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार दो युवकों मामूली चोट लगी, ऑटो में बैठे आदेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें मेडिकल कॉलेज सैफई ले जाया गया, वहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, मौत की खबर मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया, परिजन ने बताया कि दो महीने पहले ही आदेश की शादी हुई थी। नवविवाहित पत्नी व परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी कुर्रा ने बताया कि अभी घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।