भोगांव। थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात जीटी रोड पर एक मजदूर ट्रक की चपेट में आ गया, हादसे में मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया। थाना क्षेत्र के ग्राम महानंदपुर धुबैया डेरा बंजारा निवासी 38 वर्षीय मोहम्मद अली मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। शुक्रवार को वह काम पर गया था, रात करीब 8:30 बजे वह घर लौट रहा था, जीटी रोड धुबैया तिराहा के पास बेवर की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर एकत्रित हुए लोगों में किसी ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और शव मोर्चरी भिजवाया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के चचेरे भाई शानू ट्रक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।