मैनपुरी/कुरावली। सरकार पिछले पांच साल से दबंग मेरी जमीन पर कब्जा किए हुए हैं। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कुरावली तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान लोगों को शिकायत सुन रहे जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने गणेशपुर निवासी दिव्यांग रामप्रीत ने जमीन पर बैठकर ये शिकायत की, तो डीएम ने अन्य अधिकारियों को पीड़ित की बात उसके पास जाकर सुनने के आदेश दिए। पीड़ित की बात सुनकर तत्काल संबंधित अधिकारियों को उसकी समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने भी शिकायतें सुनीं।
कुरावली तहसील में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में कालाखेत की रहने वाली आरती ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद भी चार पहिया वाहन की किस्तों को लेकर फाइनेंस कंपनी दबाव बना रही है। जबकि 46 में से 27 किस्तें पहले ही जमा की जा चुकी हैं। नगला हविलिया, कुरावली निवासी सुरेंद्र ने बताया कि सितंबर में स्मार्ट मीटर लगाने के बाद विद्युत विभाग की ओर से 16 हजार रुपये का बिल थमा दिया।
जिस पर उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि उपभोक्ताओं को गलत विद्युत बिलिंग के कारण परेशानी ना हो। सुजरई देहात निवासी अमर सिंह ने बताया कि उसका राशन कार्ड निरस्त कर दूसरे के नाम जारी कर दिया है, वह काफी गरीब है जबकि दूसरा व्यक्ति अपात्र है। डीएम ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को कहा कि इस मामले में जांच कर पात्र को राशन कार्ड जारी किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में 11 शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी को शिकायत दीं।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि जनपद में जन-शिकायतों के निस्तारण की प्रगति बेहतर है। विगत कई माह से मंडल में जनपद शीर्ष पर एवं प्रदेश में टॉप-10 में चल रहा है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. आरसी गुप्ता, उप जिलाधिकारी कुरावली नीरज कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानन्द, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।