मैनपुरी। शुक्रवार रात शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके चलते नवीन मंडी क्षेत्र में कई जगह जलभराव हो गया। बारिश ने थोड़ी देर के लिए लोगों को राहत अवश्य दी लेकिन उमसभरी गर्मी से लोग परेशान रहे।
रात करीब 10 बजे तेज बारिश शुरू हुई। तेज बारिश से शहर के करहल चौराहा, नवीन गल्ला मंडी क्षेत्र में कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति हुई। हालांकि एक घंटे बाद पानी निकल गया इससे लोगों ने राहत की सांस ली। शनिवार को सुबह जिले में घने बादल छाए रहे। हालांकि दोपहर में उमस और गर्मी बढ़ गई और शाम तक फिर से बादल घिर आए। मौसम विभाग की ओर से रविवार को मौसम साफ रहने और सोमवार से अगले तीन दिन तक फिर से बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
-
कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति रही बाधित
जलभराव के चलते शहर के ज्योंती रोड उपकेंद्र क्षेत्र में मोहल्ला गंगा नगर में ट्रांसफार्मर क्षेत्र में पानी भर गया। इससे इस इलाके की बिजली आपूर्ति करीब छह घंटे तक प्रभावित रही। वहीं, श्मशान घाट उपकेंद्र क्षेत्र में पांच केबलों में आग लग गई। इस घटना के कारण रात 11 बजे से सुबह तक करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। उपकेंद्र पावर हाउस क्षेत्र में भी बारिश के चलते कई जगह फॉल्ट हुए। इससे मोहल्ला खगरजीत नगर सहित कई इलाकों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। दन्नाहार, कुचेला, नगला जुला आदि क्षेत्र में भी बारिश के चलते बिजली आपूर्ति करीब एक घंटे तक बाधित रही।