फोटो 5 आकाश में बादल देखने के बाद गेहूं की फसल की कटाई में जुटे किसान। संवाद
मैनपुरी। मौसम में बदलाव ने किसानों की चिंता को बढ़ा दिया है। शुक्रवार की देर रात तेज आंधी और शनिवार की देर शाम आंधी के साथ हुई बारिश से किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल भींग गई। किसान फसल में नुकसान को लेकर चिंतित है।
शुक्रवार की रात करीब 9:30 बजे हवाओं के साथ तेज आंधी शुरू हो गई। बीच-बीच में बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट आ गई। करीब दो घंटे बाद आंधी थमी तो लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, शनिवार की शाम एक बार फिर से मौसम ने करवट ली। आसमान में बादल छाने के साथ ही बारिश शुरू हो गई। आंधी और बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। गांव रठेरा निवासी अंगूर सिंह ने बताया कि खेत में गेहूं की फसल तैयार खड़ी है। आंधी और बारिश से नुकसान हो रहा है। बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी को बढ़ा दिया है। गांव पुसैना के किसान राकेश ने बताया कि शनिवार की देर शाम आंधी के बाद हुई बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। बारिश से शहरी इलाकों में कई जगह जलभराव हो गया। बेवर, करहल, किशनी, बरनाहल आदि क्षेत्र में समाचार लिखे जाने तक बारिश जारी थी।