मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों, सीएम डैशबोर्ड, कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से निराश्रित गोवंश के लिए एक और वृहद गोशाला का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। कहा कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर दिखाई न दे।
प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि हर उपभोक्ता को ओटीएस की जानकारी रहे। उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मिले। ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण परीक्षा आंकलन की समीक्षा में कहा कि बीते साल प्राथमिक विद्यालयों में एक लाख 22 हजार छात्र पंजीकृत थे। इस वर्ष एक लाख 18 हजार रह गए हैं। शिक्षा अधिकारी इस ओर ध्यान दें।
प्रभारी मंत्री ने परियोजना निदेशक डीआरडीए से कहा कि निर्माणाधीन आवासों को तत्काल पूरा कराएं। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, लोक निर्माण के अभियंता जो भवन, सड़क पूर्ण हो चुके हैं। उनका जन-प्रतिनिधियों से लोकार्पण कराएं। अधिशासी अभियंता जल निगम से कहा कि जिन ग्रामों में जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक, पाइप लाइन लाइन निर्माण, नल संयोजन का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन ग्रामों में प्राथमिकता पर खड़ंजा, नाली का निर्माण कराकर सही किया जाए। प्रभारी मंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पाया कि जनपद में अपराध के ग्राफ में काफी कमी आई है, महिला उत्पीड़न के प्रकरण में पुलिस प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्यवाही की गई है।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि विकास, राजस्व कार्यों में मैनपुरी प्रदेश में टॉप-10 में शामिल है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर टॉप पांच पर बना हुआ है। विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आरसी गुप्ता, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे।