मौके पर जाम लगाते आक्रोशित ग्रामीण। संवाद
मैनपुरी। बृहस्पतिवार शाम को एक अज्ञात युवक तख़रऊ पुल से नहर में कूद गया। उसको बचाने के लिए एक मछुआरा नदी में कूद गया। काफी देर तक जब मछुआरा बाहर नहीं आया तो पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। वहीं ग्रामीणों में अफवाह फैल गई कि मछुआरे को मगरमच्छ ने खा लिया है। इसके बाद गुस्साए लोगों ने सड़क को रोक कर जाम लगा दिया और हंगामा करने लगे। एसडीआरएफ इटावा की टीम मौके पर दोनों युवकों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े 6 बजे को करहल रोड स्थित तख़रऊ नहर पुल से एक अज्ञात युवक ने पानी में छलांग लगा दी। युवक के नहर में कूदने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी तो पुलिस युवक की तलाश करने में जुड़ गई। इसके बाद उसे तलाशने के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। मौके पर आए गांव सड़ निवासी राजू बाथम उम्र 40 वर्ष नहर में उतर गए, लेकिन काफी देर तक वह भी बाहर नहीं निकले।
वहीं मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि नहर किनारे मगरमच्छ है। मगरमच्छ ने ही राजू को निगल लिया है। इसकी वजह से वह बाहर नहीं आ पाया। जैसे ही यह बात चारों तरफ फैली, ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। राजू बाथम के परिजन भी मौके पर आ गए। रात करीब साढ़े 8 बजे सभी ने किशनी करहल मार्ग पर अवरोध डालकर धरना देना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस पर मछुआरे राजू को जबरन नहर में उतारने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी ग्रामीण राहुल मिठास, क्षेत्राधिकरो करहल अजय सिंह चौहान, तहसीलदार संतोष राजोरिया, कुर्रा थाना प्रभारी विक्रांत गुर्जर, करहल थाना प्रभारी महाराज सिंह भाटी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अधिकारियों ने दोनों युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ इटावा की दो टीम को मौके पर बुलाया और तलाश अभियान शुरू करा दिया। वहीं पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर करीब आधा घंटे बाद जाम खुलवाया।
एसपी ग्रामीण राहुल मिठास ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश एसडीआरएफ टीम की द्वारा की जा रही है। जल्द ही उन्हें तलाश लिया जाएगा, जाम को भी खुलवा दिया गया है।