मैनपुरी। महिला कल्याण बाल विकास सेवा और पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने छह माह की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों को अन्न-प्रासन योजना के तहत ऊपरी आहार एवं गर्भवती महिलाओं की गोद-भराई कार्यक्रम में रविवार को भाग लिया। समीक्षा में पाया कि मार्च में चिह्नित बच्चों में से मात्र 16 बच्चे ही एनआरसी (पोषण पुर्नवास केंद्र) में भर्ती कराए गए हैं। किशनी, मैनपुरी देहात से कोई भर्ती नहीं कराया गया।
विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि विभाग की संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र तक आसानी से पहुंचे। आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन मशीन सहित अन्य आवश्यक उपकरण क्रियाशील रहें।
उन्होंने समीक्षा में पाया कि मार्च में चिह्नित बच्चों में से मात्र 16 बच्चे ही एनआरसी में भर्ती कराए गए हैं। विकासखंड किशनी, मैनपुरी देहात से मार्च में एक भी बच्चा भर्ती नहीं कराया गया है। जबकि विकासखंड करहल, घिरोर, बरनाहल, सुल्तानगंज से मात्र एक-एक बच्चा ही एनआरसी में भर्ती कराया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि कुल 1788 आंगनबाड़ी केंद्रों पर उन्नति प्रेरणा लघु उद्योग, मोहन भोग लघु उद्योग, अन्नपूर्णा लघु उद्योग के माध्यम से ड्राई राशन की आपूर्ति की जा रही है।
महिला कल्याण मंत्री ने छह माह की आयु पूर्ण कर चुकी आराध्या, तेजी, नित्या, कुश, शिव को ऊपरी आहार खिलाया। गोद-भराई योजना के तहत मुस्कान, ज्योति, प्रीति, खुशबूबानो, मोहिनी को पोषण आहार किट उपलब्ध कराई। जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, बाल विकास परियोजना अधिकारी हरीओम बाजपेयी, संजय कुमार, अंजू राठौर, हृदय नारायन, संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा, शिशुपाल सिंह चौहान, राजीव मौजूद रहे।