मैनपुरी। विकास खंड सुल्तानगंज की ग्राम पंचायत सहारा में मनरेगा कार्यों में कथित चार करोड़ रुपये के घोटाले की जांच पूरी हो चुकी है। शिकायत के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने लोकपाल मनरेगा को जांच कर सात दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे।
ग्राम पंचायत सहारा में मनरेगा के अंतर्गत सड़क, नाली निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई आदि के कार्य कराए गए थे। गांव कुंजलपुर निवासी दलवीर सिंह ने मनरेगा कार्याें में चार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। उक्त शिकातय पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने मनरेगा लोकपाल सर्वेश पांडेय को सात दिन में जांच कर रिपोर्ट दिए जाने के निर्देश दिए थे। जांच शुरू हुई तो लोकपाल ने स्थलीय निरीक्षण किया और शिकायतकर्ता व ग्राम प्रधान से अभिलेख प्राप्त किए। मनरेगा लोकपाल ने बताया कि जांच पूरी की जा चुकी है, ग्राम पंचायत सहारा में 12 गांव सहारा, हेमपुरा, नगला देवी उर्फ नगला पीते, कुंजलपुर, राजपुरा, चिटउआ, लक्ष्मीपुर, तेजपुरा, नगला भजन, बबीना, साठिया और नगला ठकुरी प्रमुख हैं। सभी गांव में कराए गए मनरेगा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया गया है, जो भी सत्यता है, वह अपनी जांच रिपोर्ट में स्पष्ट कर दी है। जल्द ही वह रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंपेगें।