मैनपुरी। जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिसके चलते आज लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। बढ़ता तापमान लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई है।
गर्मी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही हैं। दोपहर होते-होते सड़कें सूनी हो जाती हैं। आवश्यक काम होने पर ही लोग बाहर निकल रहे हैं, वह भी पूरी सावधानी के साथ। बाजारों में भी भीड़ कम दिखाई दे रही है।
शीतल पेय पदार्थों और ठंडी चीजों की मांग बढ़ गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी है। भीषण गर्मी का असर दैनिक गतिविधियों पर साफ दिख रहा है। कृषि कार्यों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। बुधवार को जिले का न्यूनतम तापमान 27 तो अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक नापा गया।
मौसम विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। चेतावनी दी गई है कि बृहस्पतिवार को जिले में सुबह से ही लू चलेगी।
न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तो अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंचेगा जो इस साल का सबसे अधिक तापमान होगा। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने लोगों को सलाह दी है कि जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। धूप से बचाव रखें।