बेवर। पति के साथ कपूरथला पंजाब में रह रही बेवर क्षेत्र के गांव कौआटांडा निवासी विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। भाई ने सैनिक पति व अन्य ससुरालीजन पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। शुक्रवार को शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
थाना क्षेत्र के गांव कौआटांडा की रहने वाली ललिता की शादी तीन मार्च 2024 को कस्बा औंछा क्षेत्र के रहने वाले सुमित कुमार के साथ हुई थी। सुमित भारतीय सेना में कार्यरत है। 10 दिसंबर को पति के कहने पर ललिता अपनी मां ऊषा देवी के साथ कपूरथला पंजाब चली गई थी। 27 दिसंबर की सुबह ललिता ने परिजन से मायके आने की बात कही थी। तभी भाई प्रवीन को मौत की सूचना मिली, परिजन शव लेने के लिए कपूरथला रवाना हो गए। भाई ने पति, सास, ननद और जेठ जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। बृहस्पतिवार को मायके पक्ष के लोग ललिता के शव को लेकर कौआटांडा आए। शुक्रवार को शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।