मैनपुरी। खुद को हिंदू बता कर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से दोस्ती की, प्रेम संबंध हो गए फिर दोनों के बीच संबंध बने। युवती का आरोप है कि पहचान छिपा कर उसका शोषण किया गया, सच सामने आने के बाद आरोपी ने उनकी पिटाई की। मामले में एसपी सिटी से शिकायत की गई, अधिकारी का कहना है कि आरोप सही हैं या गलत, इसकी जांच कराई जा रही है। सत्यता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।पीड़िता ने बताया कि वह शहर के एक मोहल्ला में निवास कर रही है। करीब दो साल पहले उनकी मुलाकात सदर कोतवाली क्षेत्र के देवपुरा के रहने वाले युवक से हुई थी, युवक ने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह हिंदू है। कुछ मुलाकातों के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और वह लोग अक्सर लोहिया पार्क में मिलने लगे। दोनों के बीच फोन पर भी बातचीत होेने लगी। युवक ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए शादी करने के लिए हां कर दी। आठ फरवरी को युवक उन्हें राधा रमन रोड स्थित एक होटल में ले गया, वहां उनके साथ संबंध बनाए। उन्होंने कमरे में रखी मेज पर युवक का आधार कार्ड देखा तो होश उड़ गए। पता चला कि जो युवक खुद को हिंदू बता रहा है, वह गैर समुदाय का है। हकीकत सामने आने के बाद जब पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो उसने पीटना शुरू कर दिया। पीड़िता ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि युवती उनके पास आई थी, दो साल से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी, अचानक से आरोप सामने आए हैं। आरोपों की गहनता से जांच कराई जा रही है। सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।