फोटो11 सड़क पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर जलता डंपर। संवाद
मैनपुरी। तहसील भोगांव क्षेत्र में शनिवार सुबह एक डंपर बरधनिया-वारखेड़ा मार्ग पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आग गया, करंट दौड़ते ही चालक और परिचालक ने गाड़ी से कूद कर जान बचाई। कुछ ही देर में डंपर धूं-धूं कर जलने लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।भोगांव क्षेत्र में एक स्थान पर भवन निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार को चालक डंपर में लदी गिट्टी उतारने के बाद वापस लौट रहा था। सुबह करीब आठ बजे बरधनिया-बारखेडा मार्ग पर सरकारी नलकूप के पास डंपर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। डंपर में करंट प्रवाहित हो गया, चालक और परिचालक ने स्थिति को भांपते हुए कूद कर जान बचाई। अभी वह लोग कुछ कदम दूर ही पहुंचे थे कि डंपर धूं-घूं कर जलने लगा। आग की लपटें उठने लगीं। घटनास्थल के आसपास ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। काफी देर तक दमकल व अन्य सहायता नहीं पहुंची, ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पर सूचना देकर लाइन बंद कराई। जिसके कुछ देर बाद आग बुझ गई, मगर तब तक डंपर जल चुका था।