मैनपुरी। विकास खंड बरनाहल की ढकपुरा ग्राम पंचायत में 72 लाख 76 हजार 61 रुपये के गबन का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने ग्राम प्रधान और दोषी अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह आरोप 1 अप्रैल 2021 से 31 मई 2026 के बीच हुए विकास कार्यों से संबंधित है।
कलंदरपुर निवासी योगेश कुमार ने आरटीआई के माध्यम से ग्राम पंचायत के विकास कार्यों का विवरण मांगा था। मुख्य सूचना आयोग, उत्तर प्रदेश के पास प्रथम अपील दायर करने के बाद उन्हें यह जानकारी मिली। योगेश कुमार और ग्राम पंचायत के लगभग 20 अन्य लोगों ने प्राप्त सूचना का मिलान किया। इस मिलान में अनुमानित 72 लाख 76 हजार 61 रुपये का भ्रष्टाचार सामने आया। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र के साथ भुगतान वाउचर और उसका पूरा विवरण संलग्न किया है। उनका दावा है कि इस धनराशि का उपयोग ग्राम पंचायत में किसी भी कार्य के लिए नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने इसे पूरी तरह असत्य और फर्जी भुगतान बताया है। पत्र में 20 लोगों के हस्ताक्षर सहित आधार कार्ड नंबर भी संलग्न किए गए हैं।
-
आरटीआई से हुआ खुलासा
योगेश कुमार ने 1 अप्रैल 2021 से 31 मई 2026 तक के विकास कार्यों की जानकारी मांगी थी। जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने मुख्य सूचना आयोग, उत्तर प्रदेश में प्रथम अपील दायर कर सूचना प्राप्त की। सूचना मिलने के बाद उन्होंने 20 अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर कार्यों का सत्यापन किया। इस सत्यापन में 72 लाख 76 हजार 61 रुपये के भ्रष्टाचार का अनुमान लगाया गया।
अभी तक मेरे पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है। शिकायत आने पर मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश बघेल, डीपीआरओ