मैनपुरी। गांव ब्योंति खुर्द जाते समय रास्ते में बाइक का कट लगने के विवाद में आरोपियों ने डाकपाल को पीटकर घायल कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ब्योंति खुर्द निवासी उपनेश कुमार ने बताया कि वह पोस्ट ऑफिस सिंकदरपुर में शाखा डाकपाल के पद पर कार्यरत हैं। 20 फरवरी की शाम को वह बाइक से गांव आ रहे थे। तभी रास्ते में ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार ने कट मार दिया। वह सड़क पर गिर गए, बाइक सवार ने आकर उन पर कट मारने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध किया तो आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया। जिसके बाद सभी ने उन्हें पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर निशान कुमार, विशाल और साहिल निवासी अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।