साइबर थाना पुलिस का एक्शन, आठ जनवरी की है घटनासंवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के आजाद नगर निवासी एक युवक जब सुबह जागा तो पता चला कि क्रेडिट कार्ड से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। तुरंत ही साइबर हेल्प लाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर सक्रिय हुई साइबर थाना पुलिस ने शनिवार को खाते से निकाली गई संपूर्ण धनराशि वापस कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर निवासी महेश चंद्र एक बैंक का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल कर रहे हैं। आठ जनवरी की सुबह जागने के बाद वह घर से बाहर जाने के लिए निकल रहे थे, तभी मोबाइल देखने पर पता चला उनके क्रेडिट कार्ड से किसी ने 40 हजार रुपये निकाल लिए हैं। महेश ने 1930 साइबर हेल्प लाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और क्रेडिट कार्ड से निकाले गए रुपये खाते में फ्रीज करा दिए। कानूनी प्रक्रिया के तहत शनिवार को महेश के खाते से निकाली गई संपूर्ण धनराशि वापस करा दी गई।