फोटो 26 जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती मरीज। संवाद
मैनपुरी। जिले में पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग क्षेत्र में एक बच्ची और एक वृद्ध की बुखार से पीड़ित होने के चलते मौत हो गई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 36 मरीज गंभीर हालत में भर्ती कराए गए।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई। अस्पताल की ओपीडी में 677 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया जबकि 36 मरीज अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराए गए। दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव नगला जसरथ निवासी दिव्यांशी (5) पुत्री चंदन को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका कस्बा घिरोर में निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार की सुबह परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बेवर क्षेत्र के गांव लोधीपुर निवासी रमेश चंद्र (60) को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन ने दो दिन पहले जांच कराई तो डॉक्टर ने बुखार से प्लेटलेट्स कम होने की जानकारी देते हुए उपचार दिया। बुधवार की रात अचानक उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई तो परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डाॅक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों ही मरीजों को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।