किशनी। थाना क्षेत्र के गांव चितायन से दो साल पहले लापता हुई किशोर मंगलवार को पुलिस के साथ सकुशल घर लौटा तो माता-पिता की आंखों से आंसू बह निकले, मां ने काफी देर तक बच्चे को दुलारा, पूछने पर बताया कि पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़ा था। वह गाजियाबाद की एक फैक्टरी में मजदूरी कर रहा था, पुलिस ने परिजन के सुपुर्द किया है।प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 10 मई 2024 को गांव चितायन निवासी रूमा देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया कि 14 वर्षीय पुत्र अंशुल आठ मई को पिता की डांट फटकार से क्षुब्ध होकर कहीं चला गया है। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पता चला कि चितायन से लापता किशोर गाजियाबाद की एक फैक्टरी में मजदूरी कर रहा है। टीम भेज कर जानकारी कराई गई। मंगलवार को पुलिस 16 वर्ष के हो चुके अंशुल को लेकर थाने आई। मां रूमा देवी और पिता हरविलास भी मौजूद थे, बेटे को सकुशल देख दोनों की आंखों से आंसू बह निकले। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़ कर चला गया था। उसे माता पिता की सुपुदर्गी में दिया गया है।