फोटो 1 कलेक्ट्रेट पर डिप्टी कलक्टर को ज्ञापन देते वकील। संवाद
मैनपुरी। रामपुर में एक वकील की हत्या के विरोध में दीवानी के वकीलों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर को दिया। वकीलों की सुरक्षा के लिए प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू कराने की मांग की।
मध्यांचल अधिवक्ता संघर्ष समिति के बैनर तले दीवानी के वकील पैदल नारेबाजी करते हुए दीवानी से कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। समिति के संयोजक सौरभ यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर को दिया। ज्ञापन में कहा है कि प्रदेश में वकील सुरक्षित नहीं हैं। वकीलों की सुरक्षा के लिए प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू कराया जाए।
ज्ञापन में कहा है कि वकीलों के शस्त्र लाइसेंस के आवेदन वरीयता पर स्वीकार करके शस्त्र लाइसेंस जारी किए जाएं। रामपुर में वकील की हत्या करने वालों को जेल भेजकर पीड़ित परिवार की सुरक्षा की जाए। पीड़ित परिवार को शस्त्र लाइसेंस जारी करके परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। परिवार को आर्थिक सहायता भी दी जाए। इस मौके पर संतोष यादव राजू, विश्व विमोहन उर्फ जीतू राजपूत, अवधेश यादव, विनीत निगम, विपुल यादव, सुनील यादव, रवी प्रकाश यादव, अनुज शाक्य, अनिल यादव मौजूद रहे।