किशनी। नोएडा से फर्रुखाबाद के रहने वाले एमबीए के छात्र का अपहरण और पांच लाख की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा कारतूस और चाकू बरामद हुआ। किशनी पुलिस दो अपहरणकर्ताओं को पहले ही जेल भेज चुकी है। तीनों दिल्ली में रह कर प्राइवेट नौकरी करते थे।
जनपद फर्रुखाबाद के न्यू इंदिरा कालोनी निवासी एमबीए का छात्र शिव सिंह 16 जनवरी को नोएडा में जीरो पॉइंट पर खड़ा किसी का इंतजार कर रहा था। तभी थार सवार तीन बदमाशों ने तमंचा और चाकू के बल पर उसका अपहरण कर लिया था। करीब 18 घंटे तक उसे शिकोहाबाद, आगरा, इटावा, कुसमरा में घुमाते रहे थे। 17 जनवरी की रात थाना प्रभारी किशनी ने मुठभेड़ के दौरान दो अपहरणकर्ताओं अब्दुल रहमान और विनय उर्फ लल्ला भईया निवासी गांव कुम्हौल को गिरफ्तार कर लिया था। अपह्त को मुक्त कराया था। तीसरे अपहरणकर्ता की पुलिस तलाश कर रही थी।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि एमबीए छात्र के अपहरण के मामले में वांछित चल रहा तीसरा आरोपी प्रेम वर्मा निवासी भवानीपुर थाना कुर्रा जनपद मैनपुरी हाल पता मकान नंबर 618 ब्लॉक सांई नगर मीठापुर एक्सटेंशन थाना जैतपुर दिल्ली, को किशनी क्षेत्र में देखा गया है।
इस सूचना पर थाना प्रभारी ने घेराबंदी शुरू की। उसे करहल-किशनी मार्ग पर गुलाबपुर जाने वाले मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा कारतूस व वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, वहां से पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।