कोतवाली क्षेत्र में नानी के घर रह रही युवती के साथ कुरावली निवासी युवक ने अगवा कर दो दिनों तक दुष्कर्म किया। युवती ने जब रोना चिल्लाना शुरू किया तो उसे मदार दरवाजा पर छोड़कर भाग गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
आगरा की रहने वाली एक युवती कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला में नानी के घर पर रह रही है। उसके मकान के पास ही कुरावली थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी युवक चंदन भी रिश्तेदारी में आता जाता था। किसी तरह युवती का नंबर लेकर वह उसे फोन करने लगा। दो दिन पूर्व आरोपी युवक व उसकी मां युवती को मदार दरवाजा से वैन में बैठाकर कुरावली ले गई। वहां युवक ने दो दिनों तक कमरे में बंद रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने विरोध के साथ ही रोना चिल्लाना शुरू किया तो युवक शनिवार को उसे मदार दरवाजा पर छोड़ कर भाग गया। युवती ने दोपहर को सीओ कुरावली को फोन कर घटना की जानकारी दी तो वह महिला थानाध्यक्ष के साथ मदार दरवाजा पर पहुंचे मगर वहां युवती नहीं मिली। देर शाम थाने पहुंची पीड़िता ने तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी चंदन के विरुद्ध दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया है।