फोटो 20 भोगांव तहसील में एसडीएम को ज्ञापन देते लेखपाल। संवाद
मैनपुरी/भोगांव। जनपद फतेहपुर की एक तहसील में तैनात लेखपाल सुुधीर कुमार की मौत के बाद जिले भर में लेखपालों ने तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिए। भोगांव तहसील में एसडीएम संध्या शर्मा को दिए गए ज्ञापन में कहा कि जनपद फतेहपुर की एक तहसील में तैनात 2024 बैच के लेखपाल सुधीर कुमार की शादी 26 नवंबर को होनी थी। उसकी डयूटी एसआईआर में लगी थी। उसको मांगने के बाद भी अवकाश नही मिला। 22 नवंबर को डयूटी पर न जाने के कारण ईआरओ ने उनको निलंबित कर दिया। 25 नवंबर को राजस्व निरीक्षक ने लेखपाल के घर पहुंच कर धमकी दी कि यदि एसआईआर का कार्य पूरा नही होता है, तो बर्खास्त कर दिया जाएगा। इससे परेशान लेखपाल सुधीर कुमार ने आत्महत्या कर ली। ज्ञापन में कार्रवाई की मांग की। तहसील अध्यक्ष प्रदीप गोयल, मुनीश कुमार, प्रीती यादव, अंतिमा, नवनीत मौर्य, हर्ष गुप्ता मौजूद रहे। तहसील करहल में लेखपालों ने प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन दिया। फतेहपुर में लेखपाल की मौत के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। तहसील अध्यक्ष रवनीश यादव, अवनीश यादव, कर्णवीर सिंह, रेखा, अंकित गुप्ता, अजय कुमार मौजूद रहे। किशनी तहसील मुख्यालय में लेखपालों ने प्रदर्शन करके धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम गोपाल शर्मा को दिया। फतेहपुर में कार्यरत लेखपाल सुधीर कुमार की मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। तहसील अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार यादव, स्वदेश कुमार, रवि यादव, संदीप कुमार मौजूद रहे।