स्टेशन रोड पर जगह-जगह सीवर लाइन का गड्ढा खोदने के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले एक हफ्ते में एक दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आ चुकी हैं। इसके बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्टेशन रोड पर काफी समय पहले सीवर लाइन बिछाई गई थी। लगभग छह साल बाद वर्ष 2015 में यहां पर सड़क का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण किया गया। इसके बाद कुछ समय तो व्यवस्था सही रही लेकिन एक सप्ताह पूर्व सीवर लाइन के मेनहोल के ढक्कन खोलने के लिए सड़क जगह-जगह खोद दी गईं। इससे आए दिन लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। दो पहिया और चौपहिया वाहन चालक इन हादसों में घायल हो रहे हैं। बैंक कालोनी निवासी गगन मिश्रा ने बताया कि कई बार पालिका के अधिकारियों को इस संबंध में कह चुके हैं लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में ईओ नगर पालिका रामपाल का कहना है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर शीघ्र इनकी मरम्मत कराई जाएगी।