घिरोर। थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली इंटरमीडिएट की छात्रा ने शनिवार सुबह घर के कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के भाई ने गांव रहने वाले एक युवक के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना घिरोर के एक गांव निवासी किसान की 16 वर्षीय पुत्री 12वीं कक्षा की छात्रा थी। छात्रा के भाई ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे बहन ने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद पंखे के कुंडे में कॉपर की केबल से गले में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन कमरे के पास पहुंचे। खिड़की से अंदर देखा तो होश उड़ गए। बहन का शव फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के भाई ने गांव के ही रहने वाले युवक को बहन की मौत का जिम्मेदार बताया। उसने बताया कि बहन और युवक के बीच फोन पर बातचीत होती थी। करीब दो महीने पहले जब परिवार को इस बात की भनक लगी थी, तो घर में कहासुनी भी हुई थी। इसके बाद दोनों के परिजन को समझाया था। आरोपी की किसी बात से क्षुब्ध होकर बहन ने जान दी है। सीओ कुरावली सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।