दीवानी न्यायालयों में चल रहे मुकदमों में हाईकोर्ट के आदेश पर किए गए डिजिटलाइजेशन का जिला जज ने निरीक्षण किया। उन्होंने कोर्ट के कार्यालयों में पहुंचकर कई फाइलों को चेक किया। डीजे के निरीक्षण से दीवानी में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा। एक कार्यालय में कर्मचारी के सीट पर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
दीवानी न्यायालयों में चल रहे मुकदमों का हाईकोर्ट के आदेश पर डिजिटलाइजेशन किया गया है। डिजिटलाइजेशन किए जाने के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर ही गुरुवार को जिला जज उमेश कुमार शर्मा, एफटीसी जज आनंद कुमार सिंह ने सीजेएम, एसीजेएम कार्यालयों में पहुंचकर निरीक्षण किया। एसीजेएम कार्यालय में संबंधित लिपिक के नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान पता चला कि संबंधित लिपिक कोर्ट में पेशी की ड्यूटी कर रहे हैं। जिला जज के निरीक्षण से पूरे दिन कोर्ट परिसर में हड़कंप रहा। जिला जज ने कर्मचारियों को फाइलों के उचित रख रखाव तथा नियमानुसार ही कार्य करने के निर्देश दिए। हिदायत दी कि अगर किसी कर्मचारी की शिकायत मिली और जांच में सही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अगर निरीक्षण के समय कोई कर्मचारी अपनी सीट पर नहीं पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही हाईकोर्ट को भी लिखा जाएगा।
मीडिएशन सेंटर में सचिव ने की सुनवाई
विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव अजय कुमार सिंह ने मीडिएशन सेंटर में पहले दिन 50 फाइलों की सुनवाई की। सेंटर के सदस्य जगदीश सिंह यादव, उमेश श्रीवास्तव ने पक्षकारों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। किसी फाइल में समझौता नहीं हो पाने पर सुनवाई के लिए अगली तारीख तय की गई है।