कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर और नगला गहियर में एक विवाहिता और एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर शवों का पोस्टमार्टम कराया है। उक्त दोनों ही मामलों में परिजनों की ओर से मृत्यु के कारणों के बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।
कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी शशिकांत अवस्थी ने पुत्री शिखा (26) की शादी वर्ष 2010 में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी शिवनंदन शुक्ला के साथ की थी। शादी के बाद दोनों ही परिवारों में अच्छे संबंध चल रहे थे। चार बर्ष पूर्व शिखा ने एक पुत्र को जन्म दिया। परिवार की आंतरिक कारणों के चलते कुछ समय पूर्व पति पत्नी दूसरे मकान में परिवार से अलग रहने लगे। रविवार दोपहर को शिखा की लाश कमरे में पंखा से लटकी मिली। सूचना मिले ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। पुत्री का शव देखकर घर में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल शुजात हुसैन और एसएसआई आरके सिंह ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
मृतका के पिता ने बताया कि पुत्री ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है। इसके बारे में अभी कुछ भी नहीं पता। एडीशनल एसपी दिगंबर कुशवाह भी सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। समाचार लिखे जाने तक मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। दूसरी घटना कोतवाली क्षेत्र के नगला गहियर में हुई। गांव निवासी सत्यदेव का पुत्र प्रदीप कुमार (19) फरीदाबार में प्राइवेट नौकरी करता था। कुछ दिन पहले ही वो घर आया था। रविवार सुबह उसका शव कमरे में बहन के दुपट्टा से लटका हुआ मिला। पिता ने थाने में अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या की तहरीर दी है। उक्त दोनों ही मामलों पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक परिजनों की तहरीर पर जांच की जा रही है।
शुजात हुसैन
शहर कोतवाल