नहर पुल पर फाटक न होने से किसान परेशान
- फोटो : अमर उजाला
विकासखंड सुल्तानगंज क्षेत्र के बिछवां से गुजरने वाली नहर के पुल के फाटक करीब एक दशक से टूटे हुए हैं। फाटक न होने से फसलों की सिंचाई और पलेवा नहीं हो पा रहा है। परेशान किसानों ने लकड़ी के खंभों को लगाकर वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है। किसानों ने डीएम को ज्ञापन देकर नहरपुल पर फाटक लगवाने की मांग की है।
बिछवां नहरपुल पर फाटक के रूप में चार लोहे के तख्ते लगे थे जिससे किसानों की जरूरत के अनुसार नहर के पानी को रोका व निकाला जाता है। एक दशक से यह चारों लोहे के फाटक टूटे पड़े है जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। तिसौली, खिरिया, सूरजपुर, तिलियानी, नगला जैन खां आदि गांव के किसानों की फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। फाटक न होने से नहर का पानी नीचे की और बह जाता है जिससे जैली जिरौली, नगला कलू, किन्हावर, नगला जीसुख, धनमऊ, खटाना, आदि गांवों के किसानों की फसलें जलमग्न हो जाती हैं। ग्रामीणों ने विधायक आलोक शाक्य, सांसद तेजप्रताप यादव को ज्ञापन दिए मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। किसानों ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लकड़ी की बल्लियां लगाकर पानी को रोकने का प्रयास किया मगर कारगर नहीं हो सके हैं। ग्रामवासी राजाराम, छोटेलाल, जयसिंह, वीरेंद्र सिंह, लायक सिंह, सौदान सिंह आदि ने डीएम से नहरपुल के फाटक लगवाने की मांग की है।