कई जगह सड़क टूटने से पाठक गली बदहाल
- फोटो : अमर उजाला
कचहरी रोड से डीएवी स्कूल को जाने वाली पाठक गली का बुरा हाल है। सड़क पर कई जगह गहरे गहरे गड्ढे हैं। सड़क धंसने से कभी भी हादसा हो सकता है। लोगों के कई बार मांग करने के बाद भी आज तक सड़क नहीं बनवाई गई है।
पाठक गली में मेडिकल स्टोर, नर्सिंग होम के अलावा मकान बने हुए हैं। यह गली लंबे समय से बदहाल है। गली में कराई गई इंटरलाकिंग कुछ महीनों में ही टूट गई है। गली के दूसरे किनारे पर अस्पताल परिसर की ओर बुरा हाल है। लोगों ने कई बार पालिका-प्रशासन से मांग की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। गड्ढा युक्त गली होने से वाहनों से गिरकर लोग चोटिल भी हो रहे हैं।
पाठक गली निवासी योगेंद्र सिंह का कहना है गली में इंटरलाकिंग टूटने से विद्युत पोल के पास सड़क धंस गई है। रात के समय अंधेरा होने पर वाहनों से गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। लोगों का पूरे दिन आना जाना रहता है। अजय कुमार का कहना है इंटरलाकिंग टूटने की जांच कराई जाए।
मानक के विपरीत निर्माण किए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए। क्षेत्रवासी पंकज चौहान, सरिता चौहान, विजेता, संगीता, महेंद्र सिंह, राकेश कुमार आदि ने गली में दोबारा इंटरलाकिंग कराने तथा जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की डीएम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका से मांग की है।