मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की। कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन होली पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराएगा। होली पर हुड़दंग किया तो जेल जाना पड़ेगा।उन्होंने कहा कि शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली की आपूर्ति होगी। जलापूर्ति, साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम होंगे। इस बार होली के साथ रमजान का महीना भी चल रहा है। एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र के होलिका दहन वाले स्थानों का संयुक्त रूप से निरीक्षण करें। कोई नई परंपरा न पड़ने दें। प्रत्येक राशन कार्ड धारक को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न की उपलब्धता हो। होलिका दहन, ईदगाह, मस्जिद वाले क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कराकर ठीक कराया जाए। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, नितिन चतुर्वेदी, मुजम्मिल मिर्जा, किशन दुबे, शफी मंसूरी, एएसपी अरुण कुमार, राहुल मिठास, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, एसडीएम अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, प्रसून कश्यप, नीरज द्विवेदी मौजूद रहे।