जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में चल रही परिषदीय जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएम चंद्रपाल सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में ऑलओवर चैंपियनशिप मैनपुरी ने हासिल की। वहीं व्यक्तिगत चैंपियनशिप पर छात्र संजेश कुमार का कब्जा रहा। विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि डीएम चंद्र पाल सिंह ने कहा कि बच्चो ने दो दिन की कड़ी मेहनत प्रतियोगिता जीतने में की है। बच्चों ने बिना किसी थकावट के कार्यक्रम प्रस्तुत किए हैं वह सराहनीय है। उन्होेंने कहा कि मलिन बस्तियों, गिहार कालोनी में रहने वाले बच्चों में टेलेंट की कमी नहीं है। बस इन्हें प्रोत्साहित करने की जरूरत है। मंडल में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में जनपद का गौरव बनाए रखें। इस दौरान खो-खो प्रतियोगिता में बालिकाओं की जगह बालक खेलने आ गए। इस पर शिक्षकों में कहासुनी हो गई। पर बीएसए ने मामला शांत करा दिया।
वहीं आल ओवर चैंपियनशिप पर मैनपुरी ने कब्जा किया। व्यक्तिगत चैंपियनशिप पर संजेश कुमार रहे। वहीं वॉलीबाल में सुल्तानगंज, जिमनास्टिक, योगासन, खोखो, कबड्डी में मैनपुरी ब्लाक प्रथम रहा। 600 मीटर दौड़ में बालक में सुल्तानगंज, बालिका में जागीर प्रथम रहे। बैडमिंटन बालक में मैनपुरी, बालिका में जागीर, गोलाफेंक बालक और बालिका में जागीर, चक्र क्षेपण में बालक में सुल्तानगंज, बालिका में जागीर, लंबी कूद बालक और बालिका में बरनाहल, ऊंची कूद बालक, बालिका कुरावली प्रथम रहे। कुश्ती में 55 केजी में मैनपुरी, 32 में सुल्तानगंज विजयी रहे।
कार्यक्रम का संचालन राकेश चतुर्वेदी और पीटीआई राकेश ने किया। वहीं अंत में बेसिक शिक्षाधिकारी रामकरन यादव ने मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। साथ ही सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एबीएसए भारतीय शाक्य, रामशंकर कुरील, सर्वेश यादव, पूनम गुप्ता, चुन्नी देवी, मधु, साधना अंबेश, रामप्रकाश मौर्या, राजीव यादव, महेंद्र प्रताप सिंह के अलावा सभी एबीएसए और शिक्षक संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।