जिला अस्पताल के कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के चलते गुरुवार को बुखार, उल्टी दस्त और पेट दर्द से पीड़ित रोगियों की लंबी-लंबी लाइन लग गईं। जिला अस्पताल में विभिन्न रोगों से पीड़ित 1300 से अधिक रोगी पहुंचे। इनमें से करीब सौ से अधिक रोगी वायरल फीवर और उल्टी दस्त, पेट दर्द से पीड़ित थे।
गुरुवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही रोगियों की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई। सुबह नौ बजे से ही औषधि वितरण काउंटर पर रोगियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। हर रोगी पहले उपचार लेने के लिए प्रयास कर रहा था। दवा वितरण में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मी व्यवस्था संभाले थे। अस्पताल आने वालोें में अधिकांश रोगी उल्टी दस्त और बुखार से पीड़ित थे। गुरुवार को अस्पताल पहुंची मीना देवी ने बताया कि उन्हें पिछले दो दिन से पेट में दर्द हो रहा है। इधर-उधर उपचार कराया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। वहीं जब वह बुधवार को जिला अस्पताल पहुुंची तो हड़ताल के चलते उन्हें दवा नहीं मिली।
खानपान में बरतें सावधानी
जिला अस्पताल के फिजीशियन डा. जेजे राम का कहना है कि इस मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। दूषित खानपान से पेट दर्द और उल्टी दस्त के रोगी बढ़ रहे हैं। बीमार होने पर चिकित्सक से परामर्श लें और खानपान में बदलाव करना चाहिए।