मैनपुरी। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री दिनेश ने मुस्लिमों की तुलना में हिंदुओं की कम होती जनसंख्या में चिंता जताई है। कहा कि हिंदू धर्म ग्रंथों में अधिक संतान पैदा करने का उल्लेख मिलता है। हिंदुओं को कम से कम तीन बच्चे अवश्य पैदा करने चाहिए। उन्होंने अयोध्या मामले के मुख्य मुद्दई हासिम अंसार के बयान का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान राम ने उन्हें यह प्रेरणा दी है उन्हें अपनी बात पर अडिग रहना चाहिए।
गुरुवार को दैवी संपद मंडल शताब्दी महोत्सव में भाग लेने आए दिनेश ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि देश में हिंदुओं की संख्या कम होना चिंता की बात है। हिंदुओं को सोचना चाहिए कि यदि हमारी संख्या ऐसे ही कम होती रही तो भविष्य में क्या होगा। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्मग्रंथों में 10 संतानें पैदा करने का उल्लेख मिलता है। ऐसे में निरंतर कम होती जनसंख्या को देखते हुए हिंदुओं को कम से कम तीन संतानें अवश्य पैदा करनी चाहिए। हामिद अंसारी के बयान का स्वागत करते हुए कहा कि यदि यही सोच देश के मुसलमानों की हो जाए तो अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। हामिद अंसारी को दबाव में न आकर अपने बयान पर अडिग रहना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बेहतर कार्य कर रही है। एक सवाल के जवाब में कहा कि केंद्र सरकार अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर पहल जरूर करेगी। अभी तो मामला सुप्रीम कोर्ट में है लेकिन देर से ही अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर अवश्य बनेगा। उन्होंने कहा कि हर काल में दैवीय और आसुरी शक्तियां होती हैं। दैवीय शक्ति आसुरी शक्ति का परास्त करती है और अब कुछ ऐसा ही हो रहा है। उन्होंने शतमुख कोटि हरिहरात्मक महायज्ञ में आहुतियां दीं और दैवी संपद मंडल के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी शारदानंद सरस्वती महाराज से वार्ता की।