बाजार से घर जा रहे साइकिल सवार दंपति को शनिवार रात बोलेरो गाड़ी ने अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। वहीं अनियंत्रित बोलेरो रेलवे क्रासिंग के बैरियर को तोड़ती हुई ब्रेकर से टकरा गई। बोलेरो सवार मौके से भाग गए। अन्य हादसे में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई।
थाना कोतवाली के नगला जुला निवासी कैलाश कश्यप नगर में एक बर्तन की दुकान पर नौकरी करता था। उनकी पत्नी गुड्डी देवी घरों में कामकाज करती थी। शनिवार की रात नौ बजे शहर में नौकरी करने के बाद दंपति साइकिल से गांव जा रहे थे। जब वह नगला जुला रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे तो क्रासिंग पर बैरियर बंद देख रुक गए। इसी बीच इटावा की ओर से आई बोलेरो ने रेलवे क्रासिंग के बैरियर को तोड़ते हुए दंपति को रौंद दिया। बैरियर को तोड़ती हुई बोलेरो ब्र्रेकर से टकराकर सड़क किनारे पलट गई। दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस दंपति को जिला अस्पताल ले गई वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरी ओर, जिला एटा के थाना सटीक के नगला मूले निवासी प्रदीप पुत्र राजवीर शनिवार की रात आठ बजे बाइक से ससुराल लखौरा थाना कुरावली जा रहा था। जब वह जीटी रोड पर लखौरा के समीप पहुंचा तभी ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। उसकी मौके पर पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर भाग गया।