नीले, पीले रंग में रंगे नजर आए बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
जिले के अधिकांश निजी विद्यालयों में सोमवार को होली का अवकाश घोषित कर दिया गया। वहीं मंगलवार को परिषदीय स्कूल सहित सभी स्कूल-कालेजों में होली का अवकाश हो जाएगा। अवकाश से पूर्व स्कूली बच्चों ने आपस में जमकर होली खेली। स्कूल से लौटने वाले हर बच्चे का चेहरा रंगों से रंगा नजर आ रहा था। विद्यार्थियों ने गुरुजनों को भी अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
सोमवार को विद्यालयों से निकलने वाले बच्चों के चेहरे पहचाने नहीं जा रहे थे। हरे, लाल, नीले पीले रंगों और अबीर गुलाल से रंगे चेहरों पर होली का उत्साह साफ झलक रहा था। प्रात: प्रतिदिन की तरह बच्चे स्कूल पहुंचे, पर अधिकांश पढ़ने के उद्देश्य से कम बल्कि होली खेलने की ललक लेकर स्कूल गए। वहीं अधिकांश विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने अपनी ओर से अबीर गुलाल की व्यवस्था की थी।
दोपहर बाद सभी बच्चों को होली खेलने की छूट दे दी गई। कुछ विद्यालयों में परिसर के अंदर ही तो कुछ में मुख्य गेट के बाहर काफी देर तक होली खेली। वहीं प्राथमिक विद्यालय जवांपुर में विद्यार्थियों ने होली खेली। इस मौके पर प्रधानाध्यापक सुभांजली चौहान, ज्योतिस्ना, विनीत सिंह, शारदा देवी, श्रीचंद्र आदि मौजूद थे।