कानपुर एसटीएफ और दन्नाहार पुलिस ने गुरुवार देर रात मैनपुरी-सिरसागंज मार्ग पर बंद मिल के गोदाम में छापा मार हरियाणा ब्रांड की करीब एक हजार पेटी देशी शराब पकड़ी। थाना पुलिस बरामद शराब को जब्त कर थाने ले आई। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 32 लाख बताई गई है। शुक्रवार सुबह एसपी ने थाने पहुुंचकर कार्रवाई की जानकारी ली। गोदाम इटावा निवासी व्यवसायी की है।
गुुरुवार को मैनपुरी पहुंची कानपुर एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने थाना दन्नाहार पहुंचकर एसओ को क्षेत्र स्थित गोदाम में गैर प्रांत के बडे़ स्टाक की जानकारी दी। देर रात करीब 9.30 बजे एसटीएम और थाना पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। सिरसागंज-मैनपुरी मार्ग पर बने गोदाम में पुलिस ने एक सेंट्रो डीएल 8सी एन 4021 से 29 पेटी और आल्टो से 29 पेटी हरियाणा ब्रांड की देशी शराब बरामद की। गोदाम से बरामद करीब एक हजार पेटी शराब को पुलिस ने ट्रैक्टर से थाने पहुंचाया। पुलिस दोनों गाड़ियों को भी थाने ले आई। वहां मौजूद चौकीदार ने बताया कि गोदाम किसी इटावा निवासी व्यापारी की है मगर उसका नाम उसे नहीं पता। क्षेत्र में भारी मात्रा में गैर प्रांत की शराब बरामदगी होने के बाद शुक्रवार सुबह एसपी ने थाने पहुंचकर जानकारी ली। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि कारोबार से जुडे़ लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है। बरामद शराब की कीमत करीब 32 लाख रुपये है।
इससे पहले भी पकड़ी थी शराब
- फरवरी माह में थाना बेवर पुलिस ने ट्रक से बरामद की करीब 150 पेटी गैर प्रांत की शराब
- मार्च/अप्रैल में कोतवाली क्षेत्र से डीसीएम में भरकर लाई जा रही गैर प्रांत की शराब हुई बरामद
- मई माह में बरनाहल क्षेत्र में पुलिस ने ट्रक से बरामद की थी करीब 300 पेटी शराब
जून/जुलाई/अगस्त/सितंबर
- थाना दन्नाहार क्षेत्र में गांव के समीप एक डीसीएम से बरामद हुई थी करीब 400 पेटी गैर प्रांत की शराब
- कोतवाली क्षेत्र में भोगांव मार्ग पर गैर प्रांत की शराब से भरी डीसीएम पलटी पांच सौ पेटी हुई थी बरामद
- कोतवाली क्षेत्र के गांव अंगौथा नगरिया से पुलिस ने करीब 200 पेटी गैर प्रांत की शराब की थी बरामद
- थाना बेवर क्षेत्र में प्रधान के घर में चल रही थी शराब बनाने की फैक्ट्री पुलिस ने बरामद की थी गैर प्रांत की शराब
- थाना बरनाहल क्षेत्र में शराब से भरा ट्रक पीछा करते समय पलटा, गैर प्रांत की शराब बरामद
- कुर्रा क्षेत्र में पुलिस ने ट्रक का पीछा कर बरामद की 257 पेटी शराब
- अक्टूबर 06 की रात पुलिस ने सिरसागंज मैनपुरी मार्ग स्थित गोदाम से बरामद की करीब 1000 पेटी शराब कीमत करीब 32 लाख।