मंगलवार को दशहरा के चलते सोमवार को बड़ी संख्या में लोग बसों और ट्रेनों से फर्रुखाबाद के घटिया घाट की ओर रवाना हुए। हालांकि जिले में अधिकांश लोग बुधवार को ही दशहरा मनाएंगे। इसे लेकर सोमवार से ही घिरोर, कुरावली, दन्नाहार आदि स्थानों पर मेला के लिए दुकानें सज गईं।
उल्लेखनीय है कि गरमियों में पड़ने वाले दशहरा पर्व का बड़ा महत्व है। इस दिन बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान करने के लिए जाते हैं। जिले के कुछ हिस्सों में मंगलवार को और अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार को दशहरा मनाया जा रहा है। इसके चलते बड़ी संख्या में लोग सोमवार शाम को ही ट्रेन और बसों के माध्यम से फर्रुखाबाद स्थित घटिया घाट के लिए जाने लगे। इसके चलते ट्रेन और बसों में जबरदस्त भीड़ देखी गई। यही नहीं घिरोर में से होकर गुजरने वाली गंग नहर के किनारे दुकानें भी सज गईं। इसके चलते सोमवार से ही वहां मेला जैसा माहौल दिखने लगा।
वहीं कुरावली और दन्नाहार में भी यही हाल रहा। वहीं मेला में स्नान करने आए लोगों के लिए सोमवार देर शाम तक सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं किए गए थे। इसके चलते हादसे की आशंका बढ़ गई है। यात्रियों की अत्यधिक संख्या को देखते हुए रोडवेज अधिकारियों ने मैनपुरी फर्रुखाबाद के बीच अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। एआरएम राजीव शर्मा ने बताया कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की संख्या और उनके फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। वहीं एएसपी दिगंबर कुशवाह का कहना है कि जिन क्षेत्रों में मेला आदि लगते हैं उन थानों को अतिरिक्त सुरक्षा बरतने और स्नान वाले स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।