कोतवाली क्षेत्र के गांव धारऊ में रविवार को धर्म परिवर्तन के हल्ले पर हंगामा हो गया। एक साल पहले ईसाई धर्म स्वीकार करने वाले एक ग्रामीण पर उसके भाई ने आरोप लगाया कि वह लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहा है। ग्रामीणों ने भी उसकी बात का समर्थन किया। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने चली आई।
गांव धारऊ निवासी नीरज चिक करीब एक वर्ष पूर्व धर्म परिवर्तन कर ईसाई बन चुका है और वह अपने एक प्लाट में क्रिश्चियन स्कूल चलाता है। रविवार को क्रिसमस पर उसने अपने घर को झालरों से सजाया और स्कूल में एक कार्यक्रम किया। आरोप है कि इसी में वह लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था। ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई और वे विरोध करने लगे। पहले तो नीरज ग्रामीणों से भिड़ गया, जब उसने देखा कि सभी ग्रामीण एक जुट है तो वह वहां से वैन लेकर चला गया। सूचना देने के बाद भी कोतवाली पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने आक्रोश फैल गया। कुछ देर बाद नीरज अपने साथ पुलिस को लेकर वहां पहुंच गया। उसने भाई और ग्रामीणों पर पत्नी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। एक वयोवृद्ध पर भी इसी तरह के आरोप लगाए। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने ले आई। कुछ ही देर में कोतवाली में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, सभी नीरज के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने भाई अमित की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- नीरज के खिलाफ उसके भाई ने पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस ने नीरज को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच चल रही है।
राजेश चौधरी, सीओ सिटी
पुलिस ने नहीं दिखाई गंभीरता
सूचना देने के बाद भी कोतवाली पुलिस धारऊ में नहीं पहुंची, बाद में पहुंची जिसपर आरोप था, उसके साथ पहुंची। इसको लेकर ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ भी रोष है। थानाध्यक्ष तो पूरे मामले के दौरान नजर ही नहीं आए।
हिंदुवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंचे कोतवाली
धार्म परिवर्तन के मामले की जानकारी होने के बाद हिंदुवादी संगठन के लोग भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पीड़ित और आरोपी दोनों से बातचीत कर मामले की सत्यता के बारे में जानकारी ली। उनका कहना था कि व्यक्ति स्वयं के फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है मगर किसी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना गलत है।
महिलाओं बच्चों ने लगाए आरोप
गांव धारऊ की महिलाओं का कहना था कि रात भर वहां तेज आवाज में संगीत बजता है। इसके चलते सभी को परेशानी होती है। बच्चों का कहना है कि आरोपी उन्हें चाकलेट, टाफी आदि देकर प्रभु यीशु की प्रार्थना करने को कहता है।
भाई ने तहरीर में क्या लिखा
भाई अमित कुमार ने तहरीर में कहा है कि नीरज चिक मसीह आए दिन गाली-गलौज करता है। गांव का ही छोटे दिवाकर और नीरज उसे भी ईसाई धर्म में शामिल होने के लिए कहते हैं। विरोध करने पर पत्नी से छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। उसने आरोप लगाया कि नीरज घर में धर्म परिवर्तन का स्कूल भी चलाता है।