शहर के राजकीय बालिका इंटर कालेज में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को तंबू निर्माण आदि की जानकारी दी गई। छात्राआें ने तंबू निर्माण कर उसके सामने आकर्षक रंगोली भी बनाई।
स्कूल की प्रधानाचार्या सुमन यादव ने कहा कि स्काउट गाइड शिविर में प्रशिक्षण लेने से छात्र-छात्राओं में सेवा एवं अनुशासन की भावना का विकास होता है। सेवा का धर्म सबसे कठोर होता है। इसलिए इसके मार्ग में अड़चनें आती हैं लेकिन उद्देश्य पक्का हो तो सफलता निश्चित मिलती है।
शिविर में प्रशिक्षक रामपाल गिरी और रामखिलाड़ी ने छात्र-छात्राओं को स्काउट गाइड नियम, प्रतिज्ञा एवं सुरक्षा के नियमों की जानकारी प्रदान की। साथ ही रीता राठौर ने योजना के सिद्धांत, स्काउटिंग का इतिहास, प्राथमिक चिकित्सा, सजावट, बिना बर्तनों के भोजन बनाना, प्रतीक चिन्ह, बैज और उद्देश्यों के बारे में भी बताया। शिविर के अंतिम दिन छात्र-छात्राओं ने बिना बर्तन के भोजन भी बनाया। इस मौके पर वीपी सिंह यादव, निर्मल कश्यप, रामवीर सिंह, जगदीश प्र्रसाद, प्रेमलता, आशा शर्मा, राजदुलारी, सुनीता आदि मौजूद रहेे।