फर्दपुर में भाजपा नेता के घर पुलिस ने गलत कार्रवाई की। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई न होने तक भाजपा चुप नहीं बैठेगी। पूरी कार्रवाई भाजपा नेताओं को निशाना बनाकर सत्ता के दबाव में की गई। यही नहीं पीड़ित के पक्ष में आए सांसद और नेताओं पर भी संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दी गई।
यह कहना है प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर गुरुवार को फर्दपुर का दौरा कर लौटे भाजपा के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का। वो ट्राजिस्ट हास्टल में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। सांसद फर्रुखाबाद मुकेश राजपूत, सांसद हाथरस राजेश दिवाकर, मेयर अलीगढ़ शकुंतला भारती और देवेंद्र शर्मा का प्रतिनिधिमंडल फर्दपुर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। वहां से लौटकर सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी होने के बाद भी पुलिस ने सिर्फ भाजपा नेता और उसके परिवार वालों के खिलाफ कार्रवाई की। यही नहीं पीड़ित के आंसू पोंछने पहुंचे सांसद साक्षी महाराज और पार्टी नेता रामनरेश अग्निहोत्री के खिलाफ भी संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। तमाम सबूतों और मेडिकल के बाद भी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। सांसद राजेश दिवाकर ने कहा कि नियमानुसार घटना के 24 घंटे में पुलिस को एनसीआर और एफआईआर दर्ज कर लेनी चाहिए लेकिन अभी तक पुलिस ने पीड़ित परिवार की सुनवाई नहीं की है। मेयर अलीगढ़ शकुंतला भारती ने कहा कि यदि दोषी कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई तो भाजपा नेता और कार्यकर्ता दस दिन में जेल भरो आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बिना महिला पुलिस के रात दो बजे लड़कियों को घर से उठा लिया। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत महिला आयोग और मानवाधिकार आयोग में की जाएगी। भाजपा नेता देवेंद्र शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन प्रदेश सरकार के दबाव में कार्य कर रहा है। यह गलत है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व विधायक अशोक चौहान, वरिष्ठ नेता रामनरेश अग्निहोत्री, शिवओंकारनाथ पचौरी प्रदीप चौहान आदि मौजूद थे।
ये था मामला
कुछ दिन पहले गांव फर्दपुर में पुलिस टीम ने शराब तस्करी मामले में भाजपा नेता मैदान सिंह को पकड़ा था। इसके विरोध में ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला किया था। इसके बाद पुलिस ने घर में घुसकर महिलाओें, युवतियों से अभद्रता की थी।