चार साल का मासूम पैर फिसलने से सीधे हौद में जा गिरा। काफी देर तक जब बच्चा नहीं दिखा तो खेत पर मौजूद चाचा व दादा सुभाष ने सूर्यांश की तलाश की, तो वह हौद में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मैनपुरी के नगला बांक में रविवार की सुबह एक हंसते खेलते परिवार में अंधेरा कर गई। चाचा के पीछे खेत पर गए चार साल के मासूम की पानी की हौद में डूब कर मौत हो गई। जानकारी होने के बाद परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, वहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई।
विज्ञापन
थाना करहल क्षेत्र के गांव नगला बांक के रहने वाले सुभाष चंद्र के दूसरे नंबर के बेटे विनय का चार वर्षीय पुत्र सूर्यांश रविवार सुबह रोज की तरह घर में खेल रहा था। तभी चाचा बीपी खेत की तरफ जाने लगे, तो मासूम सूर्यांश भी चुपके से उनके पीछे-पीछे खेत की ओर निकल पड़ा। चाचा भी भतीजे के इस तरह पीछे आने के बारे में समझ गया, रास्ते में चाचा-भतीजे साथ हो गए और खेत पर पहुंचे। वहां सूर्यांश खेलने लगा।
जिस समय बच्चे पर किसी का ध्यान नहीं था, तभी वह खेलते हुए खेत में बनी पानी की करीब डेढ़ फीट गहरी हौद के पास चला गया। पैर फिसलने से वह सीधे हौद में जा गिरा। काफी देर तक जब बच्चा नहीं दिखा तो खेत पर मौजूद चाचा व दादा सुभाष ने सूर्यांश की तलाश की, तो वह हौद में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। आनन-फानन परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, वहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजन मासूम के शव को सीने से लगाए गांव लौट गए, वहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार चार वर्षीय बच्चा पानी की हौंद में गिर गया था, जिला अस्पताल में बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया था। इसके सूचना पुलिस को भेजी दी गई है। परिजन बच्चे का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसके शव को अपने साथ ले गए। -डाॅ. राज सिंह, सीएमएस, महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल