एक बाइक पर चार लोग सवार, तेज रफ्तार और ऊपर से हेल्मेट नहीं लगाना चार जिंदगियों पर भारी पड़ गया। अनियंत्रित हुई बाइक सड़क से उतरकर किनारे स्थित दुकान की दीवार से जा टकराई। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा बुधवार देर शाम थाना बिछवां क्षेत्र में कुरावली मार्ग पर गांव अंजनी के पास हुआ। थाना कुरावली के नगला गढू निवासी विशुन दयाल (45), सुनील कठेरिया (32), महावीर और राकेश की मौत हो गई। हादसे के वक्त ये चारों मैनपुरी से गांव नगला गढ़ जा रहे थे। गांव अंजनी के पास बाइक अनियंत्रित होकर एक दुकान की दीवार से टकरा गई। बाइक की गति इतनी तेज थी कि चारों की सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। मृतकों की पहचान करने के बाद उनके परिवार के लोगों को सूचना दी गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।