कोतवाली क्षेत्र व अन्य स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई। ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा के समीप हुए हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने करीब दो घंटा तक मार्ग पर जाम लगा दिया। थाना दन्नाहार क्षेत्र और आईटीआई के समीप हुए हादसों में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं अन्य हादसों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मंगलवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। अलग-अलग हादसों में दो मासूम सहित चार लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हुए हैं।
हादसा नंबर 1- थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव गढिया निवासी सुधीर (25) मंगलवार को पत्नी पूनम (23) चार वर्षीय भतीजे करन, छह वर्षीय भतीजे गुलशन व एक वर्षीय पुत्र आशीष के साथ बाइक से कुसमरा भतीजी की शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। बाइक जब थाना कोतवाली क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा के समीप पहुंची तभी डग्गामार बस के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में गुलशन और आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल पूनम, सुधीर और करन को जिला अस्पताल लाया गया। पूनम का एक हाथ कट गया। तीनों घायलों को डाक्टरों ने गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया। वहीं घटना स्थल पर गुस्साए लोगों ने करीब दो घंटा तक जाम लगाए रखा। पुलिस के काफी समझाने के बाद भी लोग शांत नहीं हुए। गुस्साए लोगों ने पथराव किया, जिससे पुलिस को भागना पड़ा। लोगों ने एक होमगार्ड के साथ मारपीट की। पुलिस ने कुछ देर प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया। मासूम के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सूचना मिलने के बाद एएसपी के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
हादसा नंबर 2-
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव लहरा एमनीपुर निवासी तोषेंद्र पुत्र सुरेश पाल सोमवार को चचेरे भाई नवीन (12) के साथ कोतवाली क्षेत्र स्थित माधव गेस्ट हाउस शादी समारोह में शामिल होने आया था। रात करीब 9:30 बजे जब वह भाई के साथ घर वापस लौट रहा था। तभी आईटीआई के समीप बगैर नंबर के ट्रैक्टर ने दोनों को रौंद दिया। हादसे में नवीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल में लाए गए तोषेंद्र को डाक्टरों ने सैफई के रेफर कर दिया। मृतक नवीन की बहन की बारात चार मार्च को आनी है। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया है।
हादसा नंबर 3-
थाना घिरोर क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर निवासी अश्विनी पुत्र सुधीर कुमार बाइक से मां आशा देवी के साथ मंगलवार सुबह थाना औंछा क्षेत्र स्थित पड़रिया चौराहा आया था। वापस लौटते समय थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव बिघरई के समीप करीब 12:30 बजे ट्रक ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अश्विनी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा है।
हादसा नंबर 4-
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला गोर्वधन निवासी खुशबू शर्मा मंगलवार अपराह्न स्कूटी से घर जा रहीं थीं। तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। घायल को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रक को जब्त करने के साथ ही चालक अजय प्रताप निवासी कोशांबी इलाहाबाद को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसा नंबर 5-
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव बिघरई निवासी जयप्रकाश की दो वर्षीय पुत्री डॉली मंगलवार अपराह्न घर के बाहर खेल रही थी। तभी अज्ञात कार ने बच्ची को टक्कर मार दी। चालक कार को लेकर भाग गया। बच्ची का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।