मैनपुरी। कुरावली क्षेत्र में रविवार शाम नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पूर्व चेयरमैन के पौत्र फुरकान (18) की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई मोहम्मद कैफ घायल हो गया। उसका फिरोजाबाद के ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।
कस्बा कुरावली के मोहल्ला नगला चैनी निवासी पूर्व चेयरमैन हाजी मुन्ने खां का पौत्र फुरकान रविवार शाम बाजार से बाइक से घर लौट रहा था। बाइक पर उसका चचेरा भाई मोहम्मद कैफ भी सवार था। शाम करीब साढ़े सात बजे एमएच गार्डन के सामने सामने से आए अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। परिजन दोनों को आगरा ले जा रहे थे। रास्ते में फुरकान ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ कुरावली सच्चिदानंद ने बताया कि टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।